– हल्की बारिश के बने आसार, उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत
कानपुर (हि.स.)। उत्तरी पश्चिमी हवाओं ने बीते कई दिनों से तापमान को बढ़ा रखा था और बारिश के माह में लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा था। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं भी ठहर गई थी, लेकिन अब हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्वी हो गई हैं। इससे कानपुर परिक्षेत्र में एक बार फिर आसमान में काले बादलों की आवाजाही शुरु हो जाएगी और हल्की बारिश के आसार बन गये हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि मानसून की अक्षीय रेखा गंगानगर, दिल्ली, बहराइच, पटना से होते हुए पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक उत्तर और दक्षिण निम्न दबाव की रेखा छत्तीसगढ़ से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक का तक जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव में अगले 48 घंटों के दौरान उसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तेज धूप के साथ उमस तेज होने की भी संभावना व्यक्त की है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती, लेकिन तेज वर्षा होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं।
अजय
