लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की टीम की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। इसके संकेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को दिये हैं। भूपेन्द्र सिंह ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा एक संवैधानिक पार्टी है। सपा कांग्रेस की तरह निजी पार्टी नहीं है। भाजपा में पार्टी पदाधिकारियों की अवधि निर्धारित होती है।
भाजपा का जो संगठनात्मक ढांचा है, वह संवैधानिक व्यवस्था के साथ जुड़ा है और पार्टी उस व्यवस्था के साथ आचरण करती है। जहां तक सपा, कांग्रेस या अन्य पार्टियों की बात है तो वह निजी पार्टियां हैं उनके लिए किसी को हटाना या बढ़ाना कोई बड़ी बात नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा से जुड़े लोगों का समूह है। यशस्वी प्रधानमंत्री के उत्तम नेतृत्व में हम सब लोग मिलकर निश्चल भाव से काम कर रहे हैं।
समाज में तनाव पैदा करने का काम कर रहे स्वामी प्रसाद मौर्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह स्वामी प्रसाद मौर्य सनातन संस्कृति पर अनर्गल एवं अमर्यादित बयान देकर समाज में तनाव और टकराव पैदा करने का काम रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वामी प्रसाद के समर्थकों द्वारा रामचरितमानस का प्रति जलाकर जो अनैतिक कार्य किया गया है, वह बेहद ही निंदनीय है। समाजवादी पार्टी का इतिहास भी यही है। हमें किसी भी धार्मिक ग्रन्थ के बारे में इस तरह का बर्ताव नहीं करना चाहिए।
बृजनन्दन
