लखनऊ (हि.स.)। केन्द्रीय आवास व शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर ने उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुभकामनाएं दी। केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों ही जनता के लिए कार्य कर रहे हैं।
केन्द्रीय आवास व शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास कार्य हो रहे हैं। प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। हर वर्ग का ध्यान रखकर भाजपा की सरकार ने कार्य किया है। आगे भी बड़ी चुनौतियों को हर किसी के प्रयास से दूर किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने माफिया तंत्र की कमर तोड़ दी है। माफिया राज समाप्त हो चुका है। विकास के क्षेत्र में दो कदम आगे बढ़ चुके हैं। कारखाने लग रहे हैं, बड़ी उपलब्धियां हासिल की गयी है। दूसरे देशों से निवेश आ रहा है। योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे हुए हैं, इससे उत्तर प्रदेश के हर वर्ग के व्यक्ति में उत्साह का माहौल है।
इससे पहले केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने लोकभवन में आयोजित एक वर्ष पूरे होने पर किये गये कार्यक्रम में भी सहभागिता की। कौशल किशोर ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के बीच अपनी बातों को रखा।
शरद
