कांग्रेस प्रत्याशी संगीता त्यागी के चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन
गाजियाबाद(हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को यहां कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस सरकार के कार्यकाल में न महिलाएं सुरक्षित रही, न ही महंगाई पर लगाम लगी और न ही रोजगार मिला।
साहिबाबाद के वसुंधरा सेक्टर 12 में साहिबाबाद विधानसभा से कांग्रेस की प्रत्याशी संगीता त्यागी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन के अवसर पर मीडिया को सम्बोधित कर रही थीं। इससे पहले हवन पाठ कर विधि विधान के साथ कार्यालय का शुभारम्भ किया गया।
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जो दावे कर रहे हैं,वे सभी खोखले हैं। यह सरकार पूरी तरह से विफल रही। सरकार की गलत नीतियों के कारण गरीब और गरीब हो गया है, जबकि अमीर और अमीर हो गया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाएगी।
कांग्रेस प्रत्याशी संगीता त्यागी ने कहा कि पिछली हार से सबक लेते हुए हमें इस चुनाव में और मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए इस बार बहुत अच्छा मौका है।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रत्याशी डोली शर्मा ने भी मौजूदा समय में कांग्रेस के बेहतर मौका होने की बात कही और संगठित होकर संगीता त्यागी को जिताने की अपील की। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज, पूर्व प्रदेश महासचिव सतीश त्यागी, वरिष्ठ समाजसेवी योगेश त्यागी, आरिफ राजा, वीर सिंह चौधरी, कार्तिक कौशिक, विनय चौधरी, ऑडी त्यागी, आदेश त्यागी, पूजा मेहता, सौरभ राय, रमन त्यागी, मनोज त्यागी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फरमान अली
