Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहर जिले में 10 सितम्बर को गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती मनाई...

हर जिले में 10 सितम्बर को गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती मनाई जाएगी

लखनऊ(हि.स.)। प्रख्यात स्वाधीनता सेनानी तथा प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती हर जिले में मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक भवन प्रांगण स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर लोक भवन सभागार में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर पंत जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी-चौरा शताब्दी समारोह की श्रृंखला के तहत प्रत्येक जिले में 10 सितम्बर को गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती मनाई जाएगी। इस सम्बन्ध में मुख्य सचिव ने समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि गोविन्द बल्लभ पंत की प्रतिमा, छायाचित्र पर माल्यार्पण पुष्पांजलि कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित किया जाए। सभी शैक्षणिक संस्थानों में पंत जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया जाए।

उन्होंने बताया कि भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयन्ती पर लोक भवन, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण यू ट्यूब चैनल UPGovtOfficial एवं फेसबुक पेज CMOUttarpradesh पर किया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में इस कार्यक्रम का प्रसारण भी दिखाया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular