Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहर घर तिरंगा अभियान : महापौर ने बुलडोजर पर चढ़कर फहराया तिरंगा

हर घर तिरंगा अभियान : महापौर ने बुलडोजर पर चढ़कर फहराया तिरंगा

कानपुर(हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय ने सैकड़ों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। महापौर ने बुलडोजर पर चढ़कर तिरंगा पहराया और लोगों से अपील की कि सभी अपने घर पर तिरंगा फहराए।

महापौर प्रमिला पाण्डेय अपनी कार्यप्रणाली को लेकर अक्सर चर्चा में बनी रहती है। चाहे उनका चट्टा अभियान हो या फिर मंदिरों की खोज हो। इसी कड़ी में सोमवार को एक बार फिर उन्होंने ऐसा कार्य किया कि चहुंओर चर्चा होने लगी है। मौका था हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का। यह यात्रा नगर निगम मुख्यालय से शुरू हुई और जैसे ही मुख्यालय से आगे बढ़ी तो महापौर की नजर एक बुलडोजर पर पड़ गई। महापौर ने बुलडोजर पर चढ़कर तिरंगा झंडा फहराया और उनके साथ पार्षद नवीन पंडित, अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह, नगर निगम रबिश प्रभारी भी झंडा फहराते नजर आये। इसके बाद जय हिंद और भारत माता की जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

महापौर का बुलडोजर पर चढ़ने का वाक्या पहली बार नहीं है। इससे पहले भी जब प्रदेश में योगी सरकार दूसरी बार बनने जा रही थी तब महापौर ने बुलडोजर पर चढ़कर जीत का जश्न मनाया था।

घंटाघर में हुआ समापन

नगर निगम मुख्यालय से कोकाकोला चौराहे तक महापौर और नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारियों संग एनसीसी कैडेट के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर पैदल मार्च किया। फिर कोकाकोला चौराहे से महापौर पार्षदों संग खुली जीप पर सवार होकर रवाना हुईं। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा रैली का भव्य स्वागत किया। घंटाघर चौराहे पर भारत माता की मूर्ति पर माल्यार्पण कर महापौर ने लोगों को संबोधित कर रैली का समापन किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से आसमान गूंज उठा।

इस मौके पर महापौर ने कहा कि हर बच्चा देश की आन- बान- शान बने, बस यही हमारा लक्ष्य है। वहीं सभी शहरवासियों से अपील की कि 15 अगस्त को अपने घर पर तिरंगा जरूर फहरायें।

अजय/दीपक/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular