कानपुर (हि.स.)। स्वरूप नगर थाना इलाके में विदेश से पढ़ाई कर स्वदेश लौटे मिठाई कारोबारी के बेटे को हर्ष फायरिंग करना महंगा पड़ गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए हर्ष फायरिंग करने वाले विदेश रिटर्न बेटे को पीएसओ समेत गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लाइसेंसी असलाह को जब्त कर कार्रवाई की जा रही है।
शहर के प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी बनारसी स्वीट्स का बेटा दो दिन पूर्व विदेश से पढ़ाई कर जनपद लौटा। यहां पर स्वरूप नगर इलाके में स्थित आवास के बाहर उसके विदेश रिटर्न करने पर जश्न मनाया गया। ढोल ताशों की धुन पर परिजनों के साथ स्वदेश लौटे बेटे केशव अग्रवाल ने इस दौरान पीएसओ की लाइसेंसी असलहें से कार में खड़े होकर हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने पर जनपद की कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय हुई और मुकदमा दर्ज करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी गई।
प्रकरण में एडीसीपी पश्चिम ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि स्वरूप नगर क्षेत्र में रहने वाले मिठाई कारोबारी के मालिक का बेटे का हर्ष फायरिंग करने का वीडियो प्रकाश में आया था। जिसका संज्ञान लेते हुए फायरिंग करने वाले युवक व उसके पीएसओ को गिरफ्तार कर लिया गया है। लाइसेंसी असलहे को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महमूद/मोहित
