हरदोई(हि.स.)। बेनीगंज क्षेत्र के नयागांव देवरिया स्थित पानी की टंकी पर मंगलवार को पांच लोग चढ़ गए। यह लोग प्रताप नगर हरदोई मार्ग पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली गंदगी से परेशान हैं। इन लोगों का आरोप है कि पोल्ट्री फॉर्म से निकलने वाली गंदगी के कारण बड़ी संख्या में मक्खियां उत्पन्न हो गई हैं।
इन मक्खियों के कारण हर किसी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच लोगों के टंकी पर चढ़ने की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टंकी पर चढ़े लोगों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी पहुंच गए हैं। ज्ञातव्य हो कि सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन में उक्त पोल्ट्री फार्म को बंद कराने की मांग की गई थी। जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पोल्ट्री फार्म की गंदगी एवं मक्खियों के प्रकोप से दो दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोग परेशान हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन टंकी पर चढ़े लोगों को समझा बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रहा है।
अम्बरीष
