Friday, March 13, 2026
Homeअन्य हम चांद पर पहुंच गए, अब हॉलीवुड फिल्मों से भी कम बजट...

 हम चांद पर पहुंच गए, अब हॉलीवुड फिल्मों से भी कम बजट में सूर्य की तरफ बढ़ रहे : रक्षामंत्री

जयपुर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर कई तंज कसे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत जिस गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं, उसका क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है।

रक्षा मंत्री सोमवार को रामदेवरा में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए 28 दल एक साथ आए हैं। इस गठबंधन के हालात ऐसे हैं कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। इन्हीं के गठबंधन के लोग सनातन धर्म को चोट पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस चुप है। राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी इस पर क्यों कुछ नहीं बोल रहे हैं। सनातन धर्म का न कोई जन्म है, न अंत है। चंद्रयान की लॉन्चिंग और लैंडिंग तो सफलतापूर्वक हो गई, लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लॉन्चिंग हो पाई है न ही लैंडिंग हो पाई है।

यह यात्रा जोधपुर संभाग में 20 दिन में 51 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि 56 महीने में 10 लाख मुकदमे हुए हैं। 7650 निर्दोष लोगों की हत्या राजस्थान में हुई है। राजस्थान जैसे हालात कहीं नहीं हैं। दो लाख में से 31 हजार मामले दुष्कर्म के हैं। छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया है। जोधपुर में पूरे परिवार की हत्या हुई है। उदयपुर में जो हुआ, वो भी सभी को याद है। यह यात्रा परिवर्तन का शंखनाद है। कांग्रेस और भाजपा के शासन का लोग खुद आकलन करें कि पहले क्या माहौल था और अब क्या माहौल है।

उन्होंने कहा कि भारत अब कमजोर नहीं बल्कि ताकतवर देश है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले हमारी बात नहीं सुनी जाती थी, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। भारत की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है। कोरोना के समय हमारे वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई। आज भारत की स्थिति वैक्सीन के मामले में ऐसी बन गई कि दुनिया के 100 देशों को भारत ने वैक्सीन भेजी।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व को नकारते हैं, कभी रामसेतु के अस्तित्व को नकारते हैं, कभी राम मंदिर निर्माण में बाधा उत्पन्न करते हैं। ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ नारा लगाने वाले कन्हैया कुमार को इन्होंने स्टार प्रचारक बनाया है। इन्होंने अलवर के 400 साल पुराने मंदिर को टुकड़े-टुकड़े करने का पाप किया है। कांग्रेस सरकार के काल में अलगाववादी ताकतों के हौसले बुलंद हुए हैं। यही कारण है कि उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या की गई।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाती है कि बीजेपी आएगी तो आरक्षण समाप्त कर देगी। भाजपा ने कभी आरक्षण समाप्त करने की बात नहीं कही। कांग्रेस नेता दूसरी बात कहते हैं कि भाजपा संविधान को खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के बाद संविधान को नमन किया था। ये उस संविधान को खत्म करने की बात कह रहे हैं।

रोहित/ईश्वर/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular