Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहम गन्ना की बात करते हैं, वह जिन्ना की : जेपी नड्डा

हम गन्ना की बात करते हैं, वह जिन्ना की : जेपी नड्डा

-भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बदायूं में सपा मुखिया अखिलेश पर बोला हमला

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्रा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को महाराज भगीरथ की तपस्थली से महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जनविश्वास यात्रा में आये हैं। यह विश्वास यात्रा कोई और दल नहीं निकाल सकता। सपा विश्वास यात्रा निकालेगी या माफिया यात्रा ? यह भाजपा है, जहां सभी कार्यकर्ता छाती ठोक कर कह सकते हैं जो कहा था, किये हैं। जो कहेंगे, वह करेंगे।

हम विश्वास यात्रा निकाल रहे हैं, वह (अखिलेश) झांसा यात्रा निकाल रहे हैं। नड्डा ने कहा कि जब कोई शादी करता है तो खानदान और उसका इतिहास पूछता है। परिवार का कारोबार पूछता है। वोट डालने से पहले पार्टी और उसके बारे में जनता भी पूछती है। उसके कामकाज के बारे में पूछता है। इसलिए जनता 2022 में भाजपा फिर से आ रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड देने की संस्कृति भाजपा और नरेन्द्र मोदी ने शुरू की। हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के नारे को साकार करते हुए काम करते हैं। वह खुदका विकास, खुद का विश्वास के आधार पर काम करते हैं। इनकी सरकार में लूट, भ्रष्टाचर, दंगा वाला प्रदेश बन गया था। आज भी उनके खनन मंत्री जेल में हैं। अखिलेश यादव सरकार ने 15 लाख लैपटॉप खरीदे थे। उसमें से केवल सवा छह लाख बांटे गये। बाकी कहां गये, पता नहीं।

उनके राज में गरीब की जमीन हड़पी जाती थी। योगी राज में अवैध रूप में कब्जाई गयी माफियाओं द्वारा जमीन जब्त की जा रही है। योगी उस पर मकान बनवाकर गरीबों को देने जा रहे हैं। कश्मीर से 370 समाप्त किया गया। मुस्लिम बहनों को तीन तलाक से छुटकारा मोदी सरकार ने दिलवाई। दुनिया के तमाम मुस्लिम देशों में तीन तलाक नहीं है लेकिन भारत में था। मोदी सरकार ने मुस्लिम बहनों को इससे भी छुटकारा दिलवाया।

जेपी नड्डा ने किसानों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि कृषि का बजट 22 हजार करोड़ था। आज भारत सरकार का कृषि बजट एक लाख करोड़ है। एक लाख 63 हजार करोड़ रुपये किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खाते में भेजे हैं। उत्तर प्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। जो खाद 2400 रुपये में मिलती थी। अब 1200 रुपये में मिल रही है। 1200 रुपये सरकार ने छूट दिए हैं। मतलब उतने ही पैसे में दो बोरी खाद मिल रही है। हम गन्ना की बात करते हैं, वह जिन्ना की बात करते हैं। आज उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा गन्ना पैदावार है। सबसे ज्यादा गन्ना मूल्यू का भुगतान किया गया। एथनॉल के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे प्रदेश बन गया है।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular