Wednesday, February 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर : सब्जी मंडी में लगी आग, दस लाख का सामान जलकर...

हमीरपुर : सब्जी मंडी में लगी आग, दस लाख का सामान जलकर खाक

– पुलिस की सक्रियता के चलते नहीं हुई बड़ी घटना

– वर्ष 2019 में आग लगने से हुआ था एक करोड़ से अधिक का नुकसान

हमीरपुर(हि.स.)। सुमेरपुर कस्बे की सब्जी मंडी में शनिवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे सात दुकानदारों का करीब दस लाख का सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में एक सब्जी की दुकान और छह लोगों के किराना की दुकानों का नुकसान हुआ है। पुलिस की सक्रियता के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह से बुझा लिया। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यहां दो साल पहले भी भीषण अग्निकांड में सब्जी मंडी की दर्जनों दुकानें खाक हो गई थी, जिसमें एक करोड़ से अधिक का माल स्वाहा हो गया था।

कस्बे में अज्ञात कारणों के चलते थाने के बगल में स्थित सब्जी मंडी में आग लग गई। इस आग में सब्जी व्यापारी अब्दुल गफ्फार की करीब नब्बे हजार की सब्जी व फल जलकर बर्बाद हो गए। वहीं किराना दुकानदार संतोष गुप्ता का करीब दो लाख, सिद्धनाथ पाल,अनुराग पाल व जगदीश गुप्ता की दुकान का करीब डेढ़ डेढ़ लाख का मसाला,मेवा आदि सामान जल गया। सुधा गुप्ता की दुकान का एक लाख व परमलाल की दुकान का लगभग साठ हजार का सामान जलकर खाक हो गया।

अचानक हुई इस घटना से सब्जी मंडी में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष बीपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर पूरी तरह से काबू पाया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अगर तत्काल आग बुझाने का कार्य पुलिसकर्मी न करते तो आग बेकाबू हो सकती थी। बताया कि सात दुकानदारों का नुकसान हुआ है। दुकानदारों के अनुसार करीब दस लाख का सामान जलने के अनुमान है। घटना से राजस्व विभाग की टीम को अवगत कराया गया है। गौरतलब हो कि वर्ष 2014 व 2019 में भी सब्जी मंडी में आग लगी थी। जिसमें दोनों बार करोड़ो रुपये का नुकसान हुआ था।

RELATED ARTICLES

Most Popular