Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में तेज हुआ 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण

हमीरपुर में तेज हुआ 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण

– अब तक 17.91 फीसदी बच्चों को मिला कोरोना से सुरक्षा कवर

– माइक्रोप्लान के तहत हो रहा टीकाकरण, स्कूलों में पहुंच रही टीमें

हमीरपुर (हि.स.)। 12 से 14 साल के बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्कूल-कॉलेज में कैंप लगाकर बच्चों को टीके लगाने की मुहिम तेज कर दी है। बुधवार को 72 सत्रों में टीकाकरण किया गया। कल तक पूरे जिले में इस आयुवर्ग के आठ हजार से अधिक बच्चों को टीके लगाए जा चुके हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एके रावत ने बताया कि 12 से 14 साल के जनपद के 46,777 बच्चों को टीका लगाने को चिन्हित किया गया है। अधिक से अधिक बच्चों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षा कवर देने को लेकर स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाकर टीके लगाए जा रहे हैं। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। प्रत्येक ब्लाक में स्वास्थ्य विभाग की टीमें परिषदीय स्कूलों और इण्टर कॉलेज में अध्ययनरत 12 से 14 साल के बच्चों को खोज-खोजकर टीका लगा रही हैं। बुधवार को जनपद के सभी विकासखण्डों सहित जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी में कुल 72 सत्रों में टीके लगाए गए।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.महेशचंद्रा ने बताया कि 16 मार्च से 12 से 14 साल के बच्चो को टीका लगाने का अभियान शुरू किया गया था। पहले दिन महज 9 बच्चों को टीके लगे थे। इसके बाद होली के अवकाश की वजह से टीकाकरण कार्य नहीं हो सका, लेकिन अब पुनरू टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ी है। 29 मार्च तक 8379 बच्चों को टीके लगाए जा चुके हैं, जो कि लक्ष्य का 17..91 फीसदी है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी जिले में 12 से 14 के बच्चों को टीका लगाने को लेकर 72 सत्र लगाए गए हैं। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल यादव ने बताया कि सुमेरपुर ब्लाक में 18 परिषदीय स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों को टीके लगाए जा रहे हैं।

बच्चों में भी उत्साह

टीका लगवाने को लेकर बच्चों में भी उत्साह नजर आया। सुमेरपुर ब्लाक के मौहर गांव के कक्षा आठ के छात्र विनोद ने बताया कि कोरोना बीमारी के बारे में समाचारों में देखा है। टीका से बचाव है, इसलिए टीका लगवा रहे हैं। घर वाले भी इस बीमारी को लेकर काफी सजग है। इसी तरह 12 साल की कविता और रमेश भी कोरोना टीका लगवाने उत्साह से पहुंचे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular