हमीरपुर (हि.स.)। मझगवां थाना क्षेत्र के गौहानी गांव में रविवार को घर के बाहर सफाई के दौरान करंट की चपेट में आकर पूर्व मंत्री की भौजाई की मौत हो गई। मां को बचाने पहुंची पुत्री भी चपेट में आकर झुलस गई। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी राठ में भर्ती कराया गया। इस दौरान चिकित्सक ने मां को मृत घोषित कर दिया।
राठ कस्बे के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री चौधरी राजेन्द्र सिंह लोधी के छोटे भाई करण सिंह की पत्नी गुन्नाबाई अपने मायके में हिस्सा मिलने पर मझगवां थाना ग्राम गौहानी में रहती थी। आज गुन्नाबाई घर के दरवाजे पर साफ-सफाई कर रही थी। घर के बाहर दरवाजे पर लगे हाई वोल्टेज के विद्युत खम्भे के पास लगी लोहे की सरिया को निकालते समय वह करंट के सम्पर्क में आ गईं और मूर्छित होकर गिर गईं। इस दौरान उनकी पुत्री प्रियंका बचाने पहुंची तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई।
दोनों को परिजनों ने इलाज के लिए सीएचसी राठ में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक अजय चौरसिया ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे दो पुत्र प्रशांत व हिमांशु सहित दो पुत्रियां अंजना व प्रियंका को छोड़ गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
