Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुरः दो घरों से सेंध लगाकर 15 लाख कीमत के जेवरात चोरी,...

हमीरपुरः दो घरों से सेंध लगाकर 15 लाख कीमत के जेवरात चोरी, मुकदमा दर्ज

हमीरपुर (हि.स.)। बिंवार थाना क्षेत्र के कुन्हेटा गांव में दो घरों से सेंध लगाकर 15 लाख मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी से गांव के लोग सकते में आ गये है। सोमवार को दोपहर बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। 
उक्त गांव में रविवार को आधी रात के बाद चोरों ने भानेन्द्र द्विवेदी पुत्र स्वर्गीय प्रेमनारायण द्विवेदी का परिवार मकान के अलग अलग कमरों में सो रहा था। सुबह जब नींद खुली तो गृहस्थी वाले कमरे के दरवाजे खुले देख पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर जाकर देखा तो बड़ा बक्सा के ताले टूटे पड़े थे और उसके अंदर रखे लगभग 270 ग्राम सोने तथा एक किलोग्राम चांदी के जेवरात बाईस हजार रुपए नगद व अन्य कीमती सामान गायब था। इतना ही नहीं इसी कमरे में रखे तीन छोटे बक्से भी नदारद थे। यह सब देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। इधर उधर तलाश करने पर पास की गली में तीनों छोटे बक्से पड़े मिले। इनके ताले तोड़कर चोर सभी सामान निकाल ले गये थे।
इसी प्रकार पड़ोसी ब्रजकिशोर कुशवाहा के मकान के पिछवाड़े की दीवार चोरों ने काटकर अंदर रखे पांच हजार रुपए नगद, 10 ग्राम सोने तथा आधा किलो चांदी के जेवरात सहित तीन बोरी तिल, चार बोरी अलसी एवं लगभग एक किलो देशी घी चोरी कर ले गए। घटना के समय गृहस्वामी खेतों में फसल की रखवाली करने गया था और घर पर पत्नी अकेली थी। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर सौंप खुलासा करने की मांग की है। बिंवार थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि गांव में दो घरों से चोरी की घटना हुई है, जिसे लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच करायी जा रही है। जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जायेगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular