मेरठ(हि.स.)। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में क्रिसमस पार्टी के दौरान जानलेवा हमले में घायल हुए सीआईएसएफ के जवान की अस्पताल में मौत हो गई।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के सुपरटेक फ्लैट नंबर-10 निवासी टिंकू यादव पुत्र जगबीर सिंह यादव ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि उसका बड़ा भाई विपिन यादव सीआईएसएफ में सिपाही था। वह रविवार को कंकरखेड़ा के कासमपुर निवासी अपने दोस्त आकाश के घर पर क्रिसमस पार्टी में गया था। पार्टी में विपिन का सोनू तोमर और रोबिन निवासी साधु नगर से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जब विपिन पार्टी खत्म करके वापस अपने घर के लिए निकला तो पीछे से आए आकाश, रोबिन और सोनू ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया था। तीनों आरोपितों ने घायल विपिन का अस्पताल में उपचार कराया और अपने घर ले गए। सोमवार को घायल विपिन ने अपने घर पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने घायल को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से घायल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया अस्पताल में उपचार के दौरान विपिन की मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कुलदीप
