मेरठ (हि.स.)। दुल्हैंडी के दिन परतापुर में परिवार पर हमला करने वालों को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं पाई है। मंगलवार को पीड़ितों ने एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करके कार्रवाई की मांग की।
परतापुर थाना क्षेत्र के अछरौंडा गांव निवासी चरणपाल अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कहा कि दुल्हैंडी के दिन कुछ लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। घर में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की पिटाई की गई। महिलाओं के कपड़े फाड़कर अभद्रता की गई। इसके बाद भी परतापुर पुलिस ने आरोपितों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। उल्टे आरोपित अब उन्हें धमका रहे हैं और शिकायत करने पर भुगतने की बात कह रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में परतापुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिकायत करने वालों में रामपाल, महेंद्री, सुभाष, संजय, राजेश, कुलदीप, अजय, संजीव, नीरज, संतोष आदि शामिल रहे।
कुलदीप
