वाराणसी (हि.स.)। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी नरक चतुर्दशी और हनुमत जयंती पर बुधवार को नगर के छोटे-बड़े हनुमान मंदिरों में हनुमत प्रभु की लोगों ने विधिवत आराधना कर घर-परिवार में सुख शान्ति की मंगल कामना की।
जयंती पर नगर के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी। मंदिर प्रशासन ने कोरोना महामारी के नियमों का पालन कराते हुए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया।
इसके पहले अलसुबह पूरे मंदिर परिसर को सैनिटाइज किया गया। सुबह-सुबह संकट मोचन के विग्रह को पंचामृत स्नान कराने के बाद विधिवत तुलसी से श्रृंगार पर भव्य आरती की गई। इस अवसर पर काशी के वैदिक विद्वानों ने मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद सुंदरकांड एवं रामचरितमानस का संगीतमय पाठ किया।
मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने बताया कि हनुमान जयंती पर हनुमान जी का फूल मालाओं से श्रृंगार कर भव्य आरती की गई। इस दौरान कोरोना महामारी के नियमों का कड़ाई से पालन भी किया गया।
