मेरठ (हि.स.)। सरधना कस्बे में छात्र की निर्मम हत्या के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान गाड़ियों पर पथराव करके तोड़ा गया और थाने पर जमकर हंगामा किया। विधायक संगीत सोम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
सरधना थाना क्षेत्र के कुशावली गांव निवासी गोपाल पुत्र विनोद मेरठ में बीबीए का छात्र था। सोमवार की शाम को गोपाल अपनी ड्रªस सिलवाने के लिए सरधना कस्बे में आया था। पांडुशिला रोड पर गोपाल की बाइक की वासु तालिकयान की बाइक से टक्कर हो गई। इसे लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि वासु ने अपने 02 दोस्तों के साथ मिलकर बर्फ काटने वाले सुएं से गोपाल के सिर पर वार कर दिए। इससे गोपाल बुरी तरह से घायल हो गया। गोपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली में देर रात गोपाल की मौत हो गई। 02 आरोपितों के मुस्लिम होने के कारण कस्बे में तनाव फैल गया। रात में ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंच गए। मंगलवार को घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सरधना थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे।
गुस्साए ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में जमकर हंगामा किया और थाने के आसपास खड़ी गाड़ियों को पथराव करके तोड़ दिया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। इस पर कई थानों की फोर्स को मौके पर बुलाया गया। एसडीएम सरधना सूरज पटेल और सीओ सरधना ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। सरधना विधायक संगीत सोम मौके पर पहुंचे। विधायक ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपितों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कुलदीप
