Friday, April 10, 2026
Homeराष्ट्रीयहज यात्रा-2022 के लिए अब तक 20 हजार से अधिक लोगों ने...

हज यात्रा-2022 के लिए अब तक 20 हजार से अधिक लोगों ने किया आवेदन

– मुख्तार अब्बास नकवी ने हज हाउस मुंबई में हज कमेटी के अधिकारियों के साथ की बैठक

मुंबई/नई दिल्ली (हि.स.)। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को कहा कि पिछले 7 वर्षों में भारत ने हज यात्रा की व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधारों और सुविधाओं के साथ संपूर्ण हज प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया है।

नकवी ने आज मुंबई हज हाउस में हज-2022 की तैयारियों के सम्बंध में हज कमेटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों एवं हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद नकवी ने कहा कि हज सब्सिडी खत्म करने, बिना “मेहरम“ (पुरुष रिश्तेदार) के मुस्लिम महिलाओं के हज यात्रा पर लगी पाबंदी खत्म करने, संपूर्ण हज प्रक्रिया को सौ प्रतिशत ऑनलाइन/डिजिटल करने आदि जैसे सुधारों से “इज़ ऑफ डूइंग हज’’ को बल मिला है।

नकवी ने कहा कि हज कमेटी ऑफ इंडिया का पोर्टल, हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स का पोर्टल, डिजिटल हेल्थ कार्ड, “ई-मसीहा“ स्वास्थ्य सुविधा, मक्का-मदीना में ठहरने की बिल्डिंग/ट्रांसपोर्टेशन की जानकारी भारत में ही देने वाली “ई-लगेज टैगिंग“ की सुविधा, ई-वीजा, आधुनिक सुविधाओं से युक्त अपग्रेडेड “हज मोबाइल ऐप” आदि से भारतीय हज यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, सरलता सुनिश्चित हुई है।

भारत की हज-2022 की संपूर्ण प्रक्रिया 100 प्रतिशत ऑनलाइन/डिजिटल होगी। इंडोनेशिया के बाद सर्वाधिक हज यात्री भारत से जाते हैं। हज यात्रा के इच्छुक लोगों की चयन प्रक्रिया कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लिए जाने एवं भारत और सऊदी अरब की सरकारों द्वारा हज-2022 के समय तय किए जाने वाले कोरोना प्रोटोकॉल, दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों को ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है। हज-2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 नवम्बर से शुरू हो गई थी और अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 रखी गई है। हज के लिए आवेदन, ऑनलाइन और “हज मोबाइल ऐप” के जरिए किए जा रहे हैं। इसकी टैग लाइन “हज ऐप इन योर हैंड“ है। इसमें हज आवेदन पत्र, आवेदन पत्र को भरने की संपूर्ण जानकारी, आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया का वीडियो आदि उपलब्ध हैं।

अभी तक 20 हजार से अधिक लोगों ने हज-2022 के लिए आवेदन किया है जिसमें 100 से अधिक महिलाओं ने बिना “मेहरम“ के आवेदन किया है। हज 2020-2021 के लिए बिना “मेहरम“ (पुरुष रिश्तेदार) के लगभग 3000 से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया था। बिना “मेहरम“ हज यात्रा के लिए जिन महिलाओं ने हज 2020 और 2021 के लिए आवेदन किये थे, वह आवेदन हज 2022 के लिए भी मान्य रहेंगे। बिना “मेहरम“ के हज पर जाने वाली सभी महिलाओं को बिना लॉटरी के हज पर जाने की व्यवस्था की गई है। इस बार हज 2022 के लिए 21 की जगह 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स तय किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular