Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहज यात्रा और मदरसा शिक्षा को लेकर मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ प्रभारी...

हज यात्रा और मदरसा शिक्षा को लेकर मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ प्रभारी मंत्री की बैठक

मेरठ (हि.स.)। प्रदेश के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को सर्किट हाउस में हज यात्रा और मदरसा शिक्षा के सम्बन्ध में मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। इस दौरान हज यात्रा को लेकर धर्मगुरुओं ने प्रभारी मंत्री को सुझाव भी दिए।

प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ धर्मपाल सिंह ने शनिवार को मेरठ का दौरा किया। सर्किट हाउस में उन्होंने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। इस दौरान मंत्री ने उनसे हज यात्रा के सम्बन्ध में सुझाव मांगे और बताया कि हज यात्रा हेतु आवेदन करने की अन्तिम तिथि 31 मार्च तक बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है। जनपदवार अलग-अलग टेबिल की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही इस बार करेंसी एक्सचेंज की सुविधा भी हज हाउस से ही दी जाएगी ताकि हाजियों को कोई परेशानी न हो।

मौलाना शम्स कादरी एवं मौलाना रिजवान द्वारा सुझाव दिए गए कि कई बार हाजी घर से अहराम पहनकर नहीं जाते हैं तथा एयरपोर्ट पर भीड़ ज्यादा होने के कारण वहां अहराम बांधने आदि में बहुत कठिनाई होती है तो इस सम्बन्ध में एयरपोर्ट पर ऐसी सुविधा हो जिससे हाजी आसानी से अहराम बांध सकें। साथ ही खुद्दाम हेतु जाने वाले यात्रियों के आवेदन पत्र के सम्बन्ध में जनपद स्तर पर भी आवेदन प्राप्त किए जाएं। मंत्री ने उन्हें इस पर विचार करने का आश्वासन दिया। कारी शफीकुर्रहमान ने कहा कि समय बहुत कम है और इस सम्बन्ध में अभी तक हाजियों को कितनी धनराशि जमा करनी है एवं कोविड वैक्सीन की उपलब्धता न होने के कारण हाजियों को कोविड वैक्सीन लगाया जाना सम्भव नहीं हो पा रहा है।

साथ ही उनके द्वारा शाही ईदगाह में हाजियों के टीकाकरण कैम्प बनाये जाने का भी अनुरोध किया। मदरसा शिक्षा को लेकर भी प्रभारी मंत्री को सुझाव दिए गए। मौलाना शम्स कादरी ने कहा कि मदरसों में हिन्दी, अंगेजी, गणित, विज्ञान आदि विषयों के अध्यापकों की नियुक्ति न होने के कारण इन विषयों की छात्रों को शिक्षा दिया जाना सम्भव नहीं हो पा रहा है।

इस पर मंत्री द्वारा आश्वस्त किया गया कि मदरसों में ट्रेंड स्टाफ की नियुक्ति हेतु कार्यवाही की जायेगी एवं आधुनिक विषयों के अध्यापन हेतु स्टाफ भी उपलब्ध कराया जायेगा। इस अवसर पर मौलाना ऑन मोहम्मद, मौलाना अतहर काजमी, मौलाना रिजवान, मौलाना सलमान, मौलाना शहाबुद्दीन, हमीदुल्ला राजशाही आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular