-22 हजार 445 पटरी दुकानदारों को मिला 10-10 हजार रुपये का लोन
-04 हजार 904 को प्राप्त हुए 20-20 हजार रुपये के ऋण, प्रक्रिया अभी जारी
-रेहड़ी पटरी वालों को अब तक मिले कुल 32.25 करोड़ रुपये के ऋण
गोरखपुर(हि.स.)। कोरोना काल में जब कारोबार का हर कोना बुरी तरह प्रभावित हुआ तो सबसे बड़ी आफत रेहड़ी-पटरी दुकानदारों पर आई थी। उस समय पीएम स्वनिधि योजना इनकी संकटमोचक बनी। इसका सहारा पाकर रेहड़ी-पटरी कारोबारियों के जीवन में समृद्धि का नया प्लेटफार्म तैयार हुआ। अकेले गोरखपुर में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से 22 हजार 445 रेहड़ी-पटरी दुकानदार 32.25 करोड़ रुपये से अधिक का गारंटी मुक्त लोन लेकर कारोबार को गति प्रदान कर चुके हैं।
इतने स्वीकृत हैं ऋण
गोरखपुर में पीएम स्वनिधि (प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि) योजना में 22 हजार 939 के लक्ष्य के सापेक्ष 24 हजार 265 के ऋण स्वीकृत हुए। इनमें से 22 हजार 445 रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को फर्स्ट लोन के रूप में मिला है। यह रकम 10-10 हजार के बैंक ऋण के रूप में मिला है। 04 हजार 904 ने 20-20 हजार रुपये का सेकेंड लोन लेकर अपने कारोबार को और गति दे दी है। एक हजार से अधिक पटरी कारोबारियों को भी शीघ्र ही द्वितीय लोन मिलने की प्रक्रिया चल रही है।
संवेदनशीलता का है असर
वरिष्ठ पत्रकार राजीवदत्त पाण्डेय कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नियमित मॉनिटरिंग से पीएम स्वनिधि योजना इनके लिए बड़े काम की साबित हुई है। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के जीवन में खुशहाली लाने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संवेदनशील हैं। योजना का लाभ लेने में दिक्कत से छुटकारा दिलाने को सिंगल विंडो सिस्टम शुरू कराया गया। मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में गोरखपुर पीएम स्वनिधि योजना में लक्ष्य से लगभग 98 प्रतिशत नजदीक है।
बड़े काम की है पीएम स्वनिधि योजना
हेरिटेज फाउंडेशन गोरखपुर के ट्रस्टी अनिल कुमार तिवारी कहते हैं कि पीएम स्वनिधि योजना में समयबद्ध भुगतान करने में ब्याज पर 07 प्रतिशत अनुदान भी मिलता है। यदि लोन देने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदार ने ऋण भुगतान मोड में किया तो उसे 1200 रुपये तक कैशबैक भी मिलता है। यह योजना वाकई समृद्धि लाने में सहायक है।
गोरखपुर में पीएम स्वनिधि योजना पर एक नजर
प्रथम ऋण के लिए ऑनलाइन आवेदन – 26159
ऋण स्वीकृति – 24265
ऋण वितरित – 22445
प्रथम लोन का रीपेमेंट – 11666
द्वितीय लोन स्वीकृति – 6025
द्वितीय लोन वितरित – 4904
बोले लाभार्थी
सुमेर सागर के रहने वाले पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी अमरजीत का कहना है कि पीएम स्वनिधि योजना ने मेरा कारोबार बढ़ाने में मदद की। मोमो बिक्री के कारोबार में न केवल इजाफा हुआ बल्कि 10 और 20 हजार रुपये के ऋण मिले। अब उम्मीद है कि 40 हजार की तीसरी किस्त भी जल्दी ही मिल जाएगी।’
सूरजकुण्ड के रहने वाले लाभार्थी पवन एसओजी का कहना है कि सिटी मॉल के पास पान मसाला, कोल्ड ड्रिंक्स का स्टॉल है। पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत अब तक 10, 20 और 40 हजार की तीन किस्ते मिल चुकी हैं। मेरे लिये यह बड़ी मदद थी। काम काज बढ़ाने में बहुत सहयोग मिला है।
डाॅ. आमोदकांत/दिलीप
