Friday, February 13, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयसड़क किनारे बम विस्फोटों में 14 लोगों की मौत

सड़क किनारे बम विस्फोटों में 14 लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क

काबुल। अफगानिस्तान के दक्षिणी क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क किनारे हुए बम विस्फोटों में तीन बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कंधार प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता बहिर अहमदी ने बताया कि स्पिन बोल्डक जिले में हुए पहले हमले में 13 लोगों की मौत हो गई और यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि अधिकारियों को कुछ पीड़ितों की पहचान करने में भी परेशानी हो रही है। अहमदी ने बताया कि दूसरा विस्फोट शुक्रवार की अपराह््र उसी सड़क पर हुआ और इसमें एक ट्रक हमले की चपेट में आ गया। इस घटना में चालक की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमले में हताहत हुए लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हालांकि प्रांतीय परिषद के सदस्य यूसुफ यूनोसी ने बताया कि सड़क किनारे हुए दो विस्फोटों में 19 नागरिकों की मौत हुई है।
इन हमलों की तत्काल किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन क्षेत्र में तालिबान और इस्लामिक स्टेट समूह से संबद्ध संगठन सक्रिय हैं। अहमदी ने आरोप लगाया गया कि तालिबान के आतंकवादियों ने बमों को लगाया गया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने हालांकि हमलों के लिए संगठन के जिम्मेदार होने से इंकार किया। दूसरी ओर, पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक बारुदी सुरंग में विस्फोट होने पर, सात से 12 साल की उम्र के चार कबायली बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट अशांत दक्षिण वजीरिस्तान जिले में, वाना और तियारजा इलाके के बीच सीमावर्ती इलाके में हुआ। घायल बच्चे अहमदजई समुदाय के हैं जिनकी पहचान रहीला (7), शकीला (8), जियाउल्लाह (12) और मीना (5) के तौर पर हुई है। घायल बच्चों को वाना में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular