Friday, April 10, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयस्वीडन में उतारना पड़ा अमेरिका से भारत जा रहा एयर इंडिया का...

स्वीडन में उतारना पड़ा अमेरिका से भारत जा रहा एयर इंडिया का विमान

– तकनीकी खराबी के कारण स्टॉकहोम में हुई नेवार्क-दिल्ली उड़ान की आपातकालीन लैंडिंग

स्टॉकहोम (स्वीडन) (हि.स.)। अमेरिका से भारत जा रहे एयर इंडिया के विमान को आपातकालीन स्थिति में स्वीडन के स्टॉकहोम हवाई अड्डे पर लैंडिंग कराई गई। तकनीकी खराबी को इसका कारण बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई106 ने अमेरिका के नेवार्क हवाई अड्डे से भारत की राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए स्थानीय समयानुसार मंंगलवार को 11 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी। इसे बुधवार सुबह 11:35 बजे दिल्ली पहुंचना था। विमान दिल्ली के रास्ते पर था और 7 घंटे 32 मिनट की उड़ान पूरी कर चुका था।

तकनीकी खराबी के कारण इसे स्वीडन के लिए डायवर्ट कर दिया गया। स्वीडन के स्थानीय समयानुसार अर्धरात्रि के बाद 12 बजकर 38 मिनट पर विमान को स्टॉकहोम हवाई अड्डे पर उतारा गया। जिस समय विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गयी, उस समय विमान पर लगभग 300 यात्री सवार थे। विमान के सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

आपातकालीन लैंडिंग के लिए भारी संख्या में दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया। उड्डयन विभाग से जानकारी दी गयी कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। बताया गया है कि इंजन से तेल रिसाव के कारण विमान को स्टॉकहोम के लिए डायवर्ट कर आपात लैंडिंग कराई गयी। विमान के चालक दल ने समय रहते तकनीकी खराबी का आकलन कर लिया। अब स्टॉकहोम में विमान की तकनीकी खराबी दूर कर उसे दिल्ली भेजा जाएगा।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular