Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशस्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर पडरौना को कहा अलविदा

स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर पडरौना को कहा अलविदा

कुशीनगर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य अब पडरौना विधानसभा क्षेत्र की बजाए फाजिलनगर से चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को सपा ने मौर्य की उम्मीदवारी की घोषणा की। मौर्य ने पिछला चुनाव पडरौना से लड़ा और जीता भी था। फाजिलनगर से टिकट का ऐलान होने के बाद उन्होंने ट्विटर के जरिए पडरौना को अलविदा कहा है। मौर्य ने ट्विटर हैंडल पर लिखा है- पडरौना वासियों के प्यार, स्नेह और आशीर्वाद के लिए बहुत-बहुत बधाई। आप सबका सम्मान एवं स्थान सदैव मेरे दिल में था, दिल में है, दिल में रहेगा।

मौर्य के पडरौना सीट से पलायन करने की मुख्य वजह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होना बताया जा रहा है। आरपीएन सिंह पडरौना के राजपरिवार से हैं। पडरौना सीट पर उनका काफी प्रभाव है। आरपीएन सिंह इस सीट से वर्ष 1996, 2002 और 2007 में विधायक रहे। कुर्मी-सैंथवार जाति से आने वाले रतनजीत प्रताप नारायण सिंह (आरपीएन सिंह) को राजा साहेब के नाम से भी यहां पुकारा जाता है। पडरौना में कुर्मी वोटों की संख्या काफी है और अपने इलाके के सजातीय वोटों पर उनकी खासी पकड़ मानी जाती है। अटकलें थीं कि पडरौना से भाजपा आरपीएन को टिकट देकर मौर्य की मुश्किलें बढ़ा सकती है। पडरौना सीट से भाजपा उम्मीदवार का ऐलान होने से पहले ही मौर्य के सीट बदल लेने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा आरपीएन को विधानसभा चुनाव लड़वाती है या नहीं। इधर, आरपीएन को राज्यसभा भेजने की अटकलें लगाई जा रही हैं। अटकलें यह भी हैं कि भाजपा आरपीएन सिंह की पत्नी सोनिया सिंह को उम्मीदवार बना सकती है।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular