Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशस्वतंत्र देव सिंह बने विधान परिषद में नेता सदन

स्वतंत्र देव सिंह बने विधान परिषद में नेता सदन

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह राज्य विधान परिषद में नेता सदन नियुक्त किये गये हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्ताव पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने उन्हें नेता सदन के रूप में मान्यता दे दी।

उप्र भाजपा के अध्यक्ष एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के खाते में लगातार खुशियां आ रही हैं। उनके अध्यक्ष रहते प्रदेश में भाजपा के लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद सबसे पहले उन्हें योगी सरकार में शामिल किया गया। जलशक्ति जैसे बड़े विभाग की उन्हें जिम्मेदारी दी गयी। हालांकि उनके करीबियों को इनके उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की पूरी उम्मीद थी। उप मुख्यमंत्री नहीं बने लेकिन वह योगी सरकार-2 में अच्छा प्रोफाइल हासिल करने में सफल रहे। इसके पहले डॉ. दिनेश शर्मा विधान परिषद में नेता सदन थे।

सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने 23 मई से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विधानपरिषद के विशेष सचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह की तरफ से सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह के साथ ही सभी दल के प्रमुख नेताओं को पत्र भेजा गया है। पत्र में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को नेता सदन के तौर पर संबोधित किया गया है। वहीं अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल, नेता विरोधी दल के रूप में डॉ. संजय लाठर, भाजपा की तरफ से उपनेता लक्ष्मण प्रसाद, बसपा के नेता दिनेश चंद्र, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के दीपक सिंह, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से अक्षय प्रताप सिंह, शिक्षक दल से सुरेश कुमार त्रिपाठी और निर्दलीय समूह के नेता राज बहादुर सिंह चंदेल को इस बैठक में आमंत्रित किया गया है। यह बैठक रविवार को दोपहर 3:30 बजे विधान भवन के कक्ष संख्या 77 में आयोजित की गई है।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular