हरदोई (हि.स.)। 77वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ जनपद भर में मनाया गया। जिला प्रशासन की तरफ से कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने शिरकत की। इसके अलावा एक कार्यक्रम गांधी भवन में भी आयोजित किया गया था। जहां मंत्री नितिन अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस मौके पर आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अथक प्रयास व बलिदान के फलस्वरूप ही देश को आजादी मिली है। इसलिए हम सबको आजादी का महत्व समझना चाहिए।
सुबह से ही सड़कों पर युवक बाइक से तिरंगा रैली निकालते नजर आए। हरदोई की सदाएं आज स्वतंत्रता दिवस की ध्वनि से गूंज रही है। हर किसी की जुबान पर भारत माता की जय और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं बसी हुई हैं। सरकारी संस्थान हो या निजी सभी जगहों पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट में 10:15 बजे ध्वजारोहण हुआ। इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस बीच तमाम स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी, सीडीओ सौम्या गुरुरानी, एडीएम वंदना त्रिवेदी सहित तमाम प्रशासनिक महकमा मौजूद रहा। इसके अलावा आम लोगों की भीड़ भी कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान देखने को मिली।
अम्बरीष
