कानपुर(हि.स.)। स्वच्छ शहर और गांव बनाने हेतु सार्वजनिक कार्यों को प्रेरित करने के लिए प्रधानमंत्री ने 01 अक्टूबर को पूर्वान्ह 10ः00 बजे सभी नागरिकों से सामूहिक रूप से स्वच्छता के लिए एक घंटे के श्रमदान का आहवान किया गया है, जो बापू जी के लिए उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर एक स्वच्छांजलि होगी। यह बात रविवार को कानपुर गंगा बैराज में स्वच्छता अभियान शुरू करने पहुंचे उप्र के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा।
उन्होंने कहा कि इस स्वच्छता अभियान का मुख्य फोकस कूड़ा -करकट वाले संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर वास्तविक रूप से सफाई गतिविधियों को करने पर होगा, ताकि उसके बाद गांव शहर स्वच्छ दिखे। प्रधानमंत्री के आहवान पर पूरे देश में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोग श्रमदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जब स्वच्छता के लिये झाडू उठाया तो लोगों ने उपहास उठाया लेकिन उससे प्रेरणा लेकर सभी लोगों ने झाडू उठाया और स्वच्छता ही सेवा के लिये श्रमदान कर लोगो ने इस अभियान को जन आन्दोलन बनाया। उन्होंने कहा कि हमारा शहर स्वच्छ हो सुन्दर हो इसके लिये इस अभियान को रूकने नही देना है। इसको जन आन्दोलन के रूप में आगे बढाते रहना है।
अभियान की शुरुआत करते समय मंत्री औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, ए0एन0आई0 तथा निवेश प्रोत्साहन विभाग उप्र एवं प्रभारी मंत्री जनपद कानपुर नगर नन्द गोपाल गुप्ता (नंदी) ने आज स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत एक तारीख, एक घंटा स्वच्छता के लिए कार्यक्रम के क्रम में गंगा बैराज स्थित मैगी प्वाइंट ग्राम कटरी, शंकरपुर सराय विकास खण्ड कल्याणपुर में श्रमदान कर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त ने भी श्रमदान कर अभियान में अपना योगदान प्रदान किया।
महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री की मन्शा है कि पूरा देश, प्रदेश, जनपद, गली-मोहल्ला स्वच्छ रहे और वहॉ के लोग स्वस्थ्य रहे, जिसके लिये यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में नगर निगम में द्वारा 207 घण्टे की निरन्तर सफाई का अभियान चलाया जा रहा है जो कल समाप्त होगा। उन्होंने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है यदि मा0 प्रधानमंत्री जी स्वच्छता की सेवा के लिये श्रमदान कर सकते है तो हम क्यो नही कर सकते। उन्होंने कहा कि आईये हम सब मिलकर जन सहभागिता से इस अभियान को जन आन्दोलन में बदल दें।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जब से देश की बागडोर सम्भाली है तबसे उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर दिया है और स्वच्छता के लिये अनेको कार्य किये गये हैं लेकिन कोई भी कार्य जन भागीदारी के बिना सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी की सहभागिता आवश्यक है सभी लोग कचरा मुक्त देश बनाने में श्रमदान कर अपना सहयोग प्रदान करे।
जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के लिये यह स्थान इस लिये चुना गया है कि यह स्थान शहर का प्रवेश प्वाइन्ट है। यहॉ पर गंगा बैराज, बोट क्लब, मैगी प्वाइन्ट होने की वजह से कानपुर व आस-पास के लोग कॉफी संख्या में लोग यहॉ पर एकत्र होते है और गुजरते है।
इस अवसर पर विधायक सुरेन्द्र मैथानी, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा कमलावती सिंह, महानगर अध्यक्ष भाजपा दीपू पाण्डेय, ले. कर्नल अनूप ओझा, अपर जिलाधिकारी नगर डा. राजेश कुमार अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी व विभिन्न एन.जी.ओ.के प्रतिनिधिगण व जन-समान्यगण उपस्थित रहे।
राम बहादुर /बृजनंदन
