गाजियाबाद(हि.स.)। लोगों के लिए शनिवार का दिन नई खुशी लेकर आया। आज स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की रैंकिंग में गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश में दूसरा तथा भारत में 18 वां स्थान मिला है। शनिवार को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 के परिणामों की घोषणा की गई। इस दौरान गाजियाबाद से महापौर आशा शर्मा , नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने इस उपलब्धि पर जनता को बधाई दी है।
महापौर ने बताया कि गाजियाबाद शहर को बेस्ट बिग सिटी इन इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिस (10 लाख से 40 लाख) पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है। साथ ही गाजियाबाद को गार्बेज फ्री सिटी में 3 स्टार रेटिंग भी प्राप्त हुई।
आपको बता दें कि वर्ष 2019-2020 में भारत में 19वां स्थान तथा उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान गाजियाबाद को स्वस्थ सर्वेक्षण में प्राप्त हुआ था। गार्बेज फ्री सिटी में पिछले साल 1 स्टार रैंकिंग मिली थी।
महापौर आशा शर्मा ने पहले से बेहतर रैंकिंग प्राप्त होने पर सभी पार्षदों तथा शहर वासियों को उसका श्रेय दिया गया है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहर को एक अच्छे मुकाम पर पहुंचाने के लिए पार्षदों, शहर वासियों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा बहुत मेहनत की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को और बेहतर बनाने तथा रैंकिंग लाने के लिए करने के लिए अभी से कमर कसने के निर्देश देते हुए अधिकारियों तथा सफाई कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।
