रायबरेली(हि. स.)।केंद्रीय मंत्री और अमेठी सांसद बुधवार को अपने रायबरेली दौरे पर बच्चों से भी रूबरू हुईं।उन्होंने बच्चों से कई सवाल पूछे और उनके जवाब भी दिए।एक प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से उनका संवाद काफ़ी रोचक रहा और स्कूल के बच्चे भी उन्हें अपने बीच पाकर ख़ुश दिखे।दरअसल अमेठी संसदीय क्षेत्र के सलोन विधानसभा के ममुनी गांव में बुधवार को केंद्रीय मंत्री पहुंची थी,यहां उनका सार्वजनिक सम्मान और पंचायत भवन के लोकार्पण का कार्यक्रम था।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जब गांव पहुंचीं तो वह एक प्राथमिक विद्यालय भी गईं।यहां उन्होंने बच्चों से सीधा संवाद किया।एक कैमरामैन को देखकर जब कुछ बच्चे कौतूहल वश उसे देखने लगे तो स्मृति ईरानी ने बच्चों को पास बुलाया और कैमरा देखने और उससे फ़ोटो खींचने को कहा।बच्चों ने कैमरे से फ़ोटो भी खींची और केंद्रीय मंत्री के कहने पर कैमरामैन ने बच्चों को फोटो खींचना भी बताया।इसके बाद स्मृति ईरानी ने बच्चों से पूछा कि वह क्या बनना चाहते हैं तो किसी ने बताया कि डॉक्टर किसी ने कहा कि इंजीनियर।ईरानी ने पूछा कि पत्रकार भी कोई बनना चाहता है तो कुछ बच्चों ने हाथ उठाया,बच्चों के साथ स्मृति ईरानी का यह संवाद काफ़ी देर चला।
ईरानी के यह पूछने पर कि सांसद-विधायक कोई बनना चाहता है क्या, इस पर कमरे में ख़ामोशी छा गई। किसी ने कोई ज़वाब नहीं दिया तो केंद्रीय मंत्री ने दुबारा पूछा।इसी बीच एक बच्चा बोला कि जब पढ़ेंगे तभी तो सांसद-विधायक बनेंगे,यह सुनकर मंत्री स्मृति ईरानी सहित वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
स्मृति ईरानी ने सभी बच्चों को पढ़ाई लिखाई करने और विद्यालय आने और जमकर खेलने की भी सलाह दी।उन्होंने विद्यालय में मौजूद स्टाफ़ से भी उनकी समस्याओं और विद्यालय की जरूरतों के विषय में पूछा।
