Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशस्पोर्ट्स गुड्स शॉप में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान

स्पोर्ट्स गुड्स शॉप में भीषण आग से करोड़ों का नुकसान

मेरठ (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सूरजकुंड रोड पर गुरुवार की देर रात स्पोर्ट्स गुड्स शॉप में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा करोड़ों रुपए का सामान जल गया। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पाया।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूरजकुंड रोड पर व्यापारी शिवकुमार का गुडलाइफ स्पोर्ट्स शोरूम है। गुरुवार की रात को वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात को अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देखकर लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। सूचना पर दुकान मालिक भी मौके पर पहुंच गया। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुट गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरी दुकान जलकर राख हो गई।

अपनी दुकान को तबाह होते देखकर दुकान मालिक जोर-जोर से रोने लगा। दुकान मालिक के अनुसार, आग की चपेट में आकर दुकान में रखा करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अग्निशमन अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। आग की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई।

कुलदीप/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular