Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश स्पर्श दर्शन के लिए शुल्क लिये जाने की अफवाह मामले में 09...

 स्पर्श दर्शन के लिए शुल्क लिये जाने की अफवाह मामले में 09 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

-काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने उठाया सख्त कदम, चौक पुलिस एक्शन में

वाराणसी(हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पावन ज्योर्तिलिंग के स्पर्श दर्शन के लिए शुल्क लिये जाने की खबर वायरल किये जाने के मामले में मंदिर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मंदिर के अधिकारी अरविंद शुक्ला की लिखित तहरीर पर चौक पुलिस ने नौ नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।

चौक पुलिस ने अजय शर्मा, आशीषधर, रति हेगड़े, विक्रम, भवतेश शर्मा, अरती अग्रवाल, हेमा और दो अन्य समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मंदिर के पीआरओ अरविंद शुक्ला ने तहरीर के जरिये आरोप लगाया है कि साजिश के तहत दो मार्च को अजय शर्मा के नाम से दान के रूप में दिये गये 500 रुपये की रसीद को आधार बनाकर स्पर्श दर्शन के लिए शुल्क लिये जाने की अफवाह फैलाई गई। मंदिर, प्रशासन, ट्रस्टीगण, जनप्रतिनिधियों और शासन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। इसमें साजिशकर्ताओं के सोशल मीडिया के सक्रिय सहयोगी भी शामिल रहे।

सोमवार 13 मार्च को कई समाचार पत्रों और न्यूज पोर्टल में बाबा विश्वनाथ के मंदिर में स्पर्श दर्शन के शुल्क की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। खबर देखकर लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी थी। इसको लेकर विरोधी दलों के नेताओं ने सीधे सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया था। मामले को तूल पकड़ता देख वाराणसी जोन के मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने इस बात का खंडन किया था और बताया था कि यह फेक न्यूज है। मंदिर प्रशासन शुल्क को लेकर यदि कोई निर्णय लेगा तो उससे सभी को अवगत कराया जाएगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular