सुलतानपुर(हि.स.)। विश्व स्तन पान दिवस के प्रथम दिन डा. सरिता ईराज ने “स्तनपान कार्यवाही के लिए विश्व गठबंधन” विषय के बारे में मंगलवार को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्तनपान कराने वाली मां और बच्चे के बीच में एक गहरा संबंध स्थापित होता है, साथ ही बच्चे में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। इसलिए हर मां को एक हेल्दी खुराक व रोगों से लड़ने हेतु नवजाज शिशु को स्तनपान अवश्य कराना चाहिए।
जिले के कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के गृह विज्ञान संकाय में मंगलवार को विभागाध्यक्षा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सरिता ईराज के नेतृत्व में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि आज से सात अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है।
डाइटिशियन अन्विता सिंह ने स्तनपान कराने वाली महिलाओं को समुचित आहार के बारे में जानकारी दी। मानव विकास विभाग की अंतिम वर्ष की छात्रा एकता ने बताया कि आजकल के फैशन परस्त माताएं अपने बच्चे को स्तनपान नहीं कराती हैं जिसकी वजह से ब्रेस्ट कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ने लग गई है। इस अवसर पर छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
अन्त में विभागाध्यक्ष ने बताया कि इस समारोह में आगामी छह दिन हेतु विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम रखे गये हैं। गृह विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित इस समारोह में संकाय की आकांशा सिंह एवं तहसीन बानो के साथ साथ सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
दयाशंकर
