-नगर विकास मंत्री ने की उप्र वैश्विक नगर अभियान की राज्यव्यापी शुरूआत
लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने नगरीय व्यवस्था को वैश्विक स्टैंडर्ड का बनाने के लिए सभी 762 नगरीय निकायों में बेहतर साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, सुन्दरीकरण और मार्गों पर पर्याप्त साइनेज लगाने, हवा की गुणवत्ता में सुधार आदि के लिए 100 दिवसीय ’उप्र वैश्विक नगर’ (यूपीजी सिटीज) अभियान की राज्यव्यापी शुरूआत की। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में नगरीय सुविधाओं को बढ़ाने और शहरों को सुन्दर बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जायेगा।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार को जल निगम के ट्रांजिट हास्टल ’संगम’ में अभियान की शुरूआत करते हुए सभी निकाय एवं डूडा के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में छह से सात महीनों में साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण को लेकर काफी अच्छा प्रयास हुआ है। इसे अभी और अच्छा बनाना है, जिससे कि प्रदेश की शहरी व्यवस्था और यहां की जीवन शैली वैश्विक स्तर की हो सके, इसके लिए सिद्धांत को अपनाकर सभी शहरों को कचरा मुक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेटर्स समिट का आयोजन और जी-20 की बैठकें होनी वाली है, जिसमें देश-विदेश के राष्ट्राध्यक्ष, राजनायिक, शासक, प्रशासक, उद्योगपति एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति हजारों की संख्या में प्रतिभाग करेंगें। इसके लिए जरूरी है कि हम अपने छोटे-बडे़ 762 निकायों में नियमित साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करें। यहां की वायु गुणवत्ता में सुधार हो, इसके प्रयास किये जायें।
प्रदेश की योगी सरकार राज्य की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर के साथ भारत की प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाना चाहती है, जिसके लिए मुख्यमंत्री स्वतः प्रयास करके ग्लोबल इन्वेटर्स समिट 10 से 12 फरवरी को आयोजित की जा रही है और प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत की अध्यक्षता में जी-20 की शिखर बैठकें आयोजित की जायेगी। यह सौभाग्य की बात है कि हमारे प्रदेश के चार नगरों में लखनऊ, आगरा, वाराणसी, नोयडा को विश्व के समृद्ध राष्ट्रों की मेजबानी का अवसर मिलेगा।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी निकायों में ढाबा, रेस्टोरेन्ट, होटल एवं अन्य छोटी-छोटी गुमटियों से निकलने वाले कूड़ा कचरे की साफ-सफाई के लिए जनवरी से मार्च, 2023 तक तीन माह का स्वच्छ ढाबा अभियान चलाया जा रहा है। इसी प्रकार 14 से 24 जनवरी, 2023 तक स्वच्छ विरासत अभियान के तहत सभी पर्यटक, ऐतिहासिक स्थलों एवं स्मारकों तथा धार्मिक स्थलों में साफ-सफाई व स्वच्छता लोगों की भागीदारी कराते हुए की जायेगी। प्रयागराज में 06 जनवरी से माघ मेला की समाप्ति तक माघ मेला परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, जल निकासी आदि की व्यवस्था के लिए स्वच्छ माघ मेला अभियान चलाया जा रहा है। इसी प्रकार 01 फरवरी से 31 मार्च, 2023 तक प्रदेश के सभी निकायों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और सेग्रीग्रेशन कराने के लिए अभियान चलाया जायेगा।
उपेन्द्र
