गाजियाबाद(हि.स.)। जिले में नवयुवकों द्वारा हवा में हथियार लहराना, सोशल मीडिया स्टेटस पर हथियार के साथ हथियारों का प्रदर्शन करना आम बात हो गई है। इस कृत्य में ना केवल अपराधिक प्रवृत्ति के बल्कि प्रभावशाली लोगों की संतानें भी हथियारों के प्रदर्शन में पीछे नहीं है।
ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने शनिवार को सोशल मीडिया पर हथियार के साथ स्टेटस लगाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इस युवक ने पुलिस के समक्ष बिना बेहिचक स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा के साथ अपना फोटो इसलिए लगाया है ताकि आम लोगों में भय उत्पन्न हो सके और इसका लाभ उसको मिल सके।
यह युवक निकटवर्ती गांव डुगरावली निवासी 21 वर्षीय अंकुश है जिसने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने स्टेटस में तमंचे के साथ फोटो लगाई हुई थी। सोशल मीडिया पर जैसे ही वायरल हुई पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले भी शुक्रवार को लोनी के विधायक नन्द किशोर गुर्जर के पुत्र नागेश गुर्जर व वन रेंज अधिकारी अशोक गुप्ता के खिलाफ भी लोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एक पौधारोपण कार्यक्रम में नागेश गुर्जर द्वारा हवा में फायरिंग करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस वीडियो में वन रेंज अधिकारी अशोक गुप्ता व नागेश गुर्जर को हवा में फायरिंग करने का तरीका बता रहे हैं। पुलिस की जांच पड़ताल की तो पता चला कि नागेश गुर्जर जिस पिस्टल से गोली फायरिंग कर रहे थे वह वन रेंज अधिकारी अशोक गुप्ता का लाइसेंसी असलहा था।
इसके अलावा 7 जुलाई की रात को साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक बैचलर पार्टी में हर्ष फायरिंग में सीए के छात्र सूरज राय की भी मौत हो चुकी है। इन घटनाओं से साबित होता है कि इन दिनों नौजवानों में हथियार लहराने या हर्ष फायरिंग करने और लोगों में भय फैलाने का एक शौक से बन गया है, जो बेहद घातक है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. इरज राजा का कहना है कि यह बेहद गंभीर मामला है। पुलिस इसको गंभीरता से ले रही है और अपने स्तर पर इस तरह के मानसिकता वाले लोगों की तत्काल गिरफ्तारी कर रही है। पुलिस पिछले कुछ दिनों के दौरान आधा दर्जन से ज्यादा हर्ष फायरिंग करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और इस तरह की हरकत करने वाले लोगों को जेल भेजा जाएगा। चाहे वह कोई भी हो।
