इटावा (हि.स.)। सैफई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित परिवार ने जनसुनवाई पोर्टल पर डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। मामले की जानकारी जब चिकित्सक को हुई तो अब पीड़ित महिला को परिवार समेत जेल भेजने की धमकी दे रहा है। वह लगातार शिकायत को वापस लेने का दबाव बना रहा है। महिला ने अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह से लगाई है।
पीड़ित महिला नीरू ने बताया कि बीते 11 सितम्बर की रात को उसके बेटे की तबियत खराब होने पर सैफई यूनिवर्सिटी ले गयी थी। जहां पर उसे खून की जरूरत पड़ी, लेकिन शराब के नशे में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर उसकी सुनवाई नही कर थे। खून न मिलने के कारण उसके बेटे की मौत हो गयी थी, जिसके बाद उसने अपनी नाराजगी डॉक्टरों से जताई तो डॉक्टरों ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट कर दी थी।
इस पूरे प्रकरण का वीडियो भी वायरल हुआ था। घटना के तीन दिन बाद पीड़ित महिला ने डॉक्टरों के अमानवीय व्यवहार और लापरवाही की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दी, जिसकी जांच चल रही है। अब महिला को मामले की शिकायत वापस लेने के लिए विश्वविद्यालय में तैनात डॉ. विवेक चौधरी उसे फोन पर धमकी दे रहे है। शिकायत वापस न लेने पर उसे परिवार सहित जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। इससे महिला नीरू काफी डरी हुई है और डॉक्टर से अपनी और परिवार की जान का खतरा बताया है।
पीड़िता ने मामले की कार्रवाई और सुरक्षा के लिए एसएसपी से गुहार लगाई है।
