प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के कार्मिक विभाग के प्रयासों के फलस्वरूप अब सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी घर बैठे पास की सुविधा ले सकेंगे। कार्मिक विभाग ने इस सुविधा को प्रयागराज मण्डल के 23,876 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों तक पहुंचाना प्रारम्भ कर दिया है।
गुरूवार को प्रयागराज मण्डल के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 15 से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं 40 सेवारत कर्मचारियों को इस सिस्टम को प्रयोग करने की ट्रेनिंग दी गई। इसके माध्यम से कोई भी सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने घर से ही पास की सुविधा ले सकता है, उसे किसी भी कार्यालय में आने की आवश्यकता नहीं होगी। इस सिस्टम की जानकारी प्रयागराज मण्डल के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एस.एम.एस, वेबसाईट और वेलफेयर इंस्पेक्टर के माध्यम से पहुंचाई जा रही है। प्रयागराज मण्डल में कार्यरत लगभग 29,500 कर्मचारियों की जानकारी को ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम में अपडेट किया जा चुका है। जिसके प्रयोग से कर्मचारी विभिन्न आवश्यक प्रपत्र अपनी आवश्यक सुविधाओं को आसानी से प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी प्रयागराज मण्डल राजेश कुमार शर्मा ने सभी सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्माचियों को प्रोत्साहित करते हुये इस सिस्टम का पूर्ण लाभ लेने एवं कोई भी समस्या आने की स्थिति में बिना संकोच सम्पर्क करने की सलाह दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी लवकुश एवं उनकी टीम ने किया।
