प्रयागराज(हि.स.)। भारतीय सेना ने जे.सी.ओ-ओ.आर. की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की घोषणा की है। पहले चरण में वे उम्मीदवार जिन्होंने वेबसाइट में अपना रजिस्ट्रेशन और आवेदन किया है, वही परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरे चरण में विभिन्न राज्यों के भर्ती कार्यालयों द्वारा ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा या सी.ई.ई में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को उनके सम्बंधित ए.आर.ओ द्वारा एक ई-प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें रैली भर्ती के दूसरे चरण की तारीख और उसके स्थान की पूर्ण जानकारी दी जाएगी। ये सभी उम्मीदवार शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे। शारीरिक परीक्षा में पास उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट देना होगा। ऑनलाइन सी.ई.ई पूरे भारतवर्ष में 176 स्थानों पर आयोजित की जा रही है।
कर्नल नरेंद्र प्रसाद सेमल्टी, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने गुरूवार को मीडिया को जानकारी दी। इस दौरान साथ में ग्रुप कैप्टन समीर गंगाखेड़कर, प्रवक्ता रक्षा मंत्रालय और सुनिक कुमार तिवारी, कार्यालय प्रमुख, पीआईबी रायपुर भी मौजूद थे। कर्नल ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी से 15 मार्च तक भारतीय सेना की वेबसाइट ‘ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन’ पर खुला रहेगा। छत्तीसगढ़ राज्य में रायपुर भिलाई-दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन सी.ई.ई. आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार के पास पांच परीक्षा स्थानों के चयन करने का विकल्प होगा और उनको उन विकल्पों में से परीक्षा स्थान दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन में परीक्षा शुल्क के हिस्से के रूप में 500 रू. के शुल्क का भुगतान भी शामिल है। जिसमें से 50 प्रतिशत सेना द्वारा वहन किया जाएगा और शेष उम्मीदवारों को स्वयं भुगतान करना होगा, जब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि ऑनलाइन सी.ई.ई में बैठने के लिए परीक्षा के 10 से 14 दिन पहले ज्वॉइनइंडियनआर्मी की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध हो जाएगा। सी.ई.ई में प्रदर्शन के आधार पर चयनित उम्मीदवार को भर्ती रैली के लिए निश्चित स्थानों पर बुलाया जाएगा। भर्ती रैली की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। अंतिम मेरिट ऑनलाइन सी.ई.ई और शारीरिक टेस्ट के अंकों को मिलाकर पहले की तरह ही तय की जाएगी।
उम्मीदवारों की समस्याओं-शंकाओं का निवारण करने के लिए एक हेल्प डेस्क भी तैयार की गई है। जिसका हेल्पलाइन नंबर 7996157222 पर भी संपर्क करके आप अपनी समस्या बता सकते हैं। इस बदली हुई प्रक्रिया का प्रमुख उद्देश्य भर्ती के दौरान सभी पहलुओं पर उम्मीदवार का ध्यान केंद्रित रहेगा, जिसके परिणाम स्वरूप देश भर में बेहतर प्रचार-प्रसार होगा तथा भर्ती रैली में भीड़ को कम करेगा तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की आवश्यकता भी कम होगी और प्रक्रिया अधिक आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में मानव हस्तक्षेप न के बराबर है। उम्मीदवार दलालों के चुंगल मे न फंसे क्योंकि वे आपकी किसी भी प्रकार की मदद नहीं कर सकता है। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय प्रवक्ता समीर गंगाखेड़कर ने दी।
विद्या कान्त
