Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सेक्रेटरी व उनके प्रतिनिधि ने शासकीय धनराशि की हजम, 3.3 लाख के...

 सेक्रेटरी व उनके प्रतिनिधि ने शासकीय धनराशि की हजम, 3.3 लाख के घोटाले में डीपीआरओ ने सौंपी जांच

सुलतानपुर (हि.स.) जिले मे ग्राम विकास का 3 लाख 33 हजार रुपए सेक्रेटरी व उनके पति द्वारा फर्जी ढंग से आहरित करने के मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी ने एडीओ पंचायत को जांच सौंपी है।

कुड़वार विकासखंड के भांटी गांव मे महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के बजाए जिम्मेदार अधिकारी ही भ्रष्टाचार में जुटे हुए हैं। एक ऐसा ही मामला जिले के कुड़वार ब्लॉक अंतर्गत भाटी ग्राम पंचायत में सामने आया है। जहां पर प्रधान ने सेक्रेटरी के वित्तीय भ्रष्टाचार को उजागर किया है। खड़ंजा निर्माण के लिए मनरेगा के तहत धनराशि विकास विभाग की तरफ से स्वीकृत भी नहीं की गई थी।

एस्टीमेट के बिना ही धनराशि शासकीय मदद से आहरित कर ली गई। इंटरलॉकिंग कार्य के लिए कुड़वार विकासखंड के भाटी गांव में तैनात सेक्रेटरी शगुफ्ता शबनम और उनके पति मोहम्मद सलमान की तरफ से शासकीय धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया था। 22 अक्टूबर 2022 को तत्कालीन गांव के प्रधान गया प्रकाश ने जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता को प्रार्थना पत्र देकर इस पूरे मामले में धांधली के प्रकरण से अवगत कराया था। शपथ पत्र देकर पूरे मामले के पर्दाफाश किए जाने का मुद्दा उठाया था।

प्रधान की शिकायत पर डीएम ने पूरे मामले की जांच जिला पंचायत राज विभाग को सौंपी थी। लगभग महीने भर बीतने को हैं लेकिन अभी तक जिला पंचायत राज विभाग किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सका है। मामला चर्चा का विषय बना रहने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने एक बार फिर सक्रियता बरती है। एडीओ पंचायत को जांच कर रिपोर्ट करने का आदेश दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular