गंगा तट पर आम श्रद्धालु,मंदिरों और मठों में साधु संत मोक्ष के लिए कर रहे जप तप
वाराणसी(हि.स.)। साल 2022 के आखिरी सूर्यग्रहण के चलते मंगलवार को धर्म नगरी काशी में देवालयों और देवी मंदिरों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद है। काशीपुराधिपति के दरबार में ग्रहण के चलते शाम की सप्तर्षि आरती, शृंगार भोग आरती, देर रात की शयन आरती नहीं होगी। अब 26 अक्टूबर को सुबह 6.02 बजे सूर्योदय होने पर मोक्ष पूजा व मंगला आरती के बाद बाबा का दरबार आमलोगों के लिए खुलेगा।
इसी तरह श्री संकटमोचन मंदिर भी ग्रहण के चलते बंद है। श्री संकट मोचन मंदिर में मंगला आरती के बाद ही सूतक के चलते मंदिर के कपाट बंद हो गए थे। मंदिर शाम सात बजे खुल जाएगा। अन्नपूर्णा मंदिर के कपाट भी मंगलवार अपराह्न 2.15 बजे बंद हो गए। अब देवी मंदिर के कपाट बुधवार सुबह 6.02 बजे पूजा आरती के बाद 6.30 बजे कपाट खुलेंगे। उधर, सूर्यग्रहण के समय गंगा तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मोक्ष के लिए जप, तप भजन कीर्तन करने में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि सूर्य ग्रहण का प्रभाव लगभग 44 मिनट तक रहेगा। ग्रहण का सूतक काल भोर में लगभग साढ़े चार बजे ही शुरू हो गया था। गंगाघाट पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सूर्य ग्रहण से पहले और मध्य में भी आस्था की डुबकी लगा मंत्रों का जाप किया। घाट पर मौजूद श्रद्धालु मोक्षकाल में गंगा में स्नान कर दानपुण्य करेंगे। वहीं, हजारों श्रद्धालु ग्रहण स्नान बुधवार तड़के भी करेंगे। सनातन धर्म में सूर्य ग्रहण के बाद गंगा स्नान कर अपने को शुद्ध करने की पौराणिक व शास्त्रीय परंपरा मानी जाती है।
ज्योतिषविदों के अनुसार तुला राशि, स्वाति नक्षत्र पर लगने वाले खंड सूर्य ग्रहण का भारत में स्पर्श शाम 4.22 बजे शुरू हुआ। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के अनुसार ग्रहण का मध्य 5.14 बजे तो मोक्ष शाम 6.32 बजे होगा। हालांकि ग्रहण काल में ही 5.37 बजे सूर्यास्त भी हो गया। सूर्यग्रहण को ‘ग्रस्ताग्रस्त’ ग्रहण बताया गया है। ऐसे में ग्रहण से निवृत्ति अगले दिन 26 अक्टूबर को सूर्योदय काल में सुबह 6.02 बजे मानी जाएगी। खगोल विदों के अनुसार, भारत में पूर्व व पूर्वोत्तर अंडमान निकोबार दीप समूह, इम्फाल, कोहिमा, इटानगर, डिब्रूगढ़, शिवसागर, सिलचर में सूर्यग्रहण नहीं दिखा। भारत के अतिरिक्त इसे यूरोप, मध्य पूर्व उत्तरी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, उत्तर हिंंद महासागर, उत्तरी अटलांटिक महासागर में देखा जाएगा। वैश्विक समयानुसार सूर्यग्रहण की शुरूआत अपराह्न 2.29 बजे हुई, मध्य 4.30 बजे, मोक्ष शाम 6.52 बजे होगा।
श्रीधर
