कल्बे वसी उर्फ मोहसिन
गोण्डा।
गुरुवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अवैध टैक्सी स्टैंड संचालन को लेकर गरजे तो शुक्रवार को यहां अफसर बरस पड़े। डीएम के निर्देश पर अफसरों की टीम लाव लश्कर लेकर निकल पड़ी। बला की धूप और तपिश के बाद भी नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में अवैध टैक्सी स्टैण्ड और बस स्टैंड को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। अभियान में लक्ष्मीकान्त गौतम क्षेत्राधिकारी नगर, सहायक सम्मानीय परिवहन अधिकारी बविता वर्मा, शैलेन्द्र कुमार तिवारी, अधिशाषी अधिकारी और नगर कोतवाल पंकज सिंह सहित अन्य शामिल रहे । अभियान में पुरानी सब्जी मण्डी, झंकरी ब्लाक के आस-पास से टैक्सी, बसों को हटाते हुए अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गयी। निर्देशित किया गया कि भविष्य में यदि अवैध रूप से किसी टैक्सी स्टैंड संचालित होते हुए पाया गया तो सुसंगत धाराओं में के संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर पूरे दिन हडकंप मचा रहा।

