Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुशासन, विकास व सुरक्षा पर खरी उतरी भाजपा : रजनीकांत

सुशासन, विकास व सुरक्षा पर खरी उतरी भाजपा : रजनीकांत

– साढ़े चार साल की उपलब्धियां की साझा

कुशीनगर(हि. स.)। विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा है कि भाजपा की देश व प्रदेश की सरकार सुशासन, विकास व सुरक्षा पर पूरी तरह खरी उतरी है। आजादी के बाद से जो भी सरकारें देश व प्रदेश में बनीं, उनमें भाजपा की सरकार ने सबसे ज्यादा जनकल्याणकारी कदम उठाए हैं।

भाजपा ने विकास के केंद्र में किसान, युवा व आम आदमी को रखा, उसके हित की सदैव चिंता की। क्षेत्र में कुशीनगर एयरपोर्ट व सीएम केयर फण्ड से तीन करोड़ की सहायता और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से सभी पात्रों को आवास दिलाने के कार्य को भारी उपलब्धि बताया।

विधायक पार्टी हाईकमान के निर्देश पर प्रधानमंत्री के जन्म दिवस से 7 अक्टूबर तक विकास उत्सव के क्रम में सोमवार को अपने आवास पर सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां पत्रकारों से साझा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने माफियाओं व अपराधियों के आगे घुटने नहीं टेके बल्कि उन्हें उनकी उचित जगह जेल में पहुंचाया या भागने पर विवश कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 4.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 3.50 लाख युवाओं को संविदा पर नौकरी, 82 लाख स्माल इंडस्ट्री में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का कार्य किया है।

विधायक ने कहा कि हर घर को बिजली, फ्री गैस कनेक्शन, फ्री राशन से गरीबों को राहत देने का कार्य किया गया है। मुफ्त टेस्टिंग टीका, एक जनपद एक मेडिकल कालेज की योजना से प्रदेश चिकित्सा के क्षेत्र में आगे की ओर बढ़ रहा है। सीएम अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी छात्रों को निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। 1.50 लाख महिलाओं को सरकारी नौकरी, छात्राओं को स्नातक तक निशुल्क शिक्षा,कन्या सुमङ्गल योजना से 10.1 लाख बेटियां लाभान्वित हुईं हैं। सामूहिक विवाह योजना से 1.25 लाख व दस लाख स्वयं सहायता समूह से एक करोड़ महिलाओं को रोजगार देकर सरकार प्रदेश को उन्नति की ओर लेकर चल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular