डीसीडब्ल्यू ने साइबर क्राइम सेल को जारी किया नोटिस
नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली महिला आयोग ( डीसीडब्ल्यू) ने मंगलवार को साइबर क्राइम सेल, दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर ‘क्लबहाउस’ नामक ऐप पर एक विशेष समुदाय की महिलाओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करी।
डीसीडब्ल्यू ने ट्विटर पर ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो का संज्ञान लिया, जो की ‘क्लब हाउस ऐप’ पर हो रही एक अभद्र बातचीत का था जिसका विषय ‘एक विशेष समुदाय की लड़किया हिंदू लड़कियों से ज्यादा खूबसूरत होती हैं’ था । उक्त बातचीत की वीडियो में सभी प्रतिभागियों को विशेष समुदाय महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाते हुए अश्लील, और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए स्पष्ट रूप से सुना जा सकता है जिसे डीसीडब्ल्यू ने पुलिस को दिया।
डीसीडब्ल्यू ने मामले पर संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की। डीसीडब्ल्यू ने पुलिस से तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने तथा आरोपितों को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करने को कहा है। दिल्ली पुलिस को की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपने के लिए पांच दिन का समय दिया गया है।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर अपना दुख व्यक्त किया और कहा, “किसी ने मुझे ट्विटर टैग कर ‘क्लबहाउस ऐप’ पर हुई इस विस्तृत अश्लील ऑडियो बातचीत के बारे में बताया, जिसमें एक विशेष समुदाय की महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाया गया और उनके खिलाफ घृणित यौन एवं अभद्र टिप्पणियां की गईं। हद है कि देश में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होना अति आवश्यक और इसलिए मैंने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने एवं आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार की मांग की है।”
अश्वनी
