सुलतानपुर (हि.स.)। हत्या एवं लूट के आरोपित को पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार किया है । उसके पास से नकदी सहित अवैध तमंचा एवं कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि थाना कादीपुर, चांदा, दोस्तपुर पुलिस व स्वॉट टीम प्रभारी परमात्मा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बदली महाविद्यालय कादीपुर के पास अमरेथु डडिया से बीती रात आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपित ने कादीपुर थाना के गांव कटघरा भीलमपुर के नरायनपारा निवासी माधवेश तिवारी पुत्र मूल शंकर तिवारी के रूप में परिचय बताया है। अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि जून माह में ग्राम सराय मंगा में उसने साथियों संग मिलकर पांच हजार नगद व लैपटॉप की लूट की थीं। 13 जुलाई को राम चरित्र मिश्रा महाविद्यालय पड़ेला के ठीक सामने एक डॉक्टर को लूटा, जिसके विरोध करने पर उसे मारापीटा और 5500 रुपये लूटकर वहां से भाग निकले।
इसके बाद उसी दिन थाना दोस्तपुर के पलिया देवापुर में दो ग्राहक सेवा केन्द्र को लूटा, जिसमें एक ग्राहक सेवा केन्द्र पर विरोध करने पर ग्राम पलिया देवापुर निवासी शुभम पाण्डेय (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थीं। शुभम, शैलेन्द्र विश्वकर्मा के जनसुविधा केन्द्र पर अपना पैसा जमा करने आये थे। गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने जेल भेजने की कार्यवाही की है और अन्य फरार की तलाश जारी हैं।
