Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुलतानपुर : लापता किशोर का शव कुएं में मिला, हत्या की आशंका

सुलतानपुर : लापता किशोर का शव कुएं में मिला, हत्या की आशंका

सुलतानपुर (हि.स.)। थाना जयसिंहपुर क्षेत्र में घर से लापता किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर कुएं में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

क्षेत्र के ईशूर गांव के दिनेश दूबे का इकलौता बेटा रौनक उर्फ दिव्यांश (11) शनिवार की शाम को गाय का दूध निकालते समय बाबा भगौती प्रसाद के साथ दरवाजे के सामने खड़ा था। परिजनों के अनुसार इसी बीच अचानक वह लापता हो गया। दूध निकालने के बाद भगौती ने नाती दिव्यांश को वहां न पाकर उसकी तलाश की। ग्रामीणों की मदद से परिजन रात भर किशोर की खोजबीन करने में जुटे रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। घरवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दी।

रविवार की सुबह गांव के बाहर एक कुएं से ग्रामीणों ने लापता किशोर का शव बाहर निकाला तो परिजनों में कोहराम मच गया। बाबा भगौती प्रसाद द्विवेदी का कहना है कि दिव्यांश उनके घर का इकलौता चिराग था। वहीं, घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है।

थाना जयसिंहपुर कोतवाल हीरा सिंह ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर घटना की जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular