सुलतानपुर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका गांधी ने नवनिर्वाचित पंचायत जन प्रतनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ जनता ने उन्हें चुना है, उस पर उन्हें खरा उतरना होगा। पिछले कार्यकाल में भ्रष्ट प्रधानों का उदाहरण देते हुए कहा कि क्या वे चाहते हैं कि आपके बच्चे आपको बेईमान व भ्रष्ट कहें। उन्होंने कहा कि इज्जत से बढ़कर पैसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि मतदाताओं के विश्वास पर खरे उतरे तो वह अपने पद पर अनवरत काबिज रह सकते हैं।योगी सरकार के निर्णय से जिले में पंचायत सहायक के रूप में लगभग एक हजार युवकों को रोजगार मिल जाएगा।अब गांव के सचिवालय में ही ग्रामीणों का सरकारी कार्य हो जाएगा।
श्रीमती गांधी ने कहा कि पिछले कार्यकाल में भ्रष्ट ग्राम प्रधानों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वह वचनबद्ध हैं।सांसद ने कहा कि पंचायत चुनाव में सर्वाधिक भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के विजय के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी।
पूरे बाघराय के निवासी सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि 5000 आबादी वाले उनके गांव के नागरिक पिछले एक दशक से रेलवे अंडर ब्रिज की मांग कर रहे थे। एक माह पूर्व उनके दौरे में ग्रामीणों ने उनसे अंडर ब्रिज की मांग की थी। सांसद ने आज ग्रामीणों को अवगत कराया कि साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अंडर ब्रिज के लिए रेल मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है, जिससे आज उनके गांव के लोग संसद के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।
