Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुलतानपुर : जमीन विवाद में भाईयो ने मिलकर भाभी की कर दी...

सुलतानपुर : जमीन विवाद में भाईयो ने मिलकर भाभी की कर दी हत्या

सुलतानपुर (हि.स.)। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भदैया पूरे नत्थू गांव में जमीन विवाद के लिए चार सगे भाइयों ने बड़े भाई की पत्नी को फावड़े से काट कर हत्या कर दी। बीच बचाव में आये बड़ा भाई और उसकी बेटी जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजकर एक आरोपित को हिरासत में लिया।

लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के भदैया पूरे नत्थू गांव निवासी दलित अतिबल का अपने भाइयों प्रेम, अच्छेलाल, जियालाल और पीएम से आबादी की जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार सुबह एक बार फिर भाइयों में जमीन को लेकर विवाद शुरु हो गया। अतिबल के भाई एकजुट होकर लाठियां लेकर आ गए। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अतिबल के छोटे चारों भाइयों ने बीच बचाव में आई भाभी सावित्री देवी को पहले लाठी-डंडे से पीटा और फिर फावड़े से काटकर मौत के घाट उतार दिया।

घटना में अतिबल और उसकी बेटी अनामिका को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी प्रेम को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अन्य आरोपियों की तलाश जारी है़।

दयाशंकर/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular