Monday, March 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुर्खियों में जन्माष्टमी पर शिवपाल यादव का बधाई संदेश

सुर्खियों में जन्माष्टमी पर शिवपाल यादव का बधाई संदेश

-जब कोई कंस अपने पिता को अपमानित कर सत्ता छीनता है तो होता है कृष्ण का अवतार

-समाज में धर्म की स्थापना, शांति, सुरक्षा, सद्भाव, समरसता के लिए यदुवंशियों का आह्वान

लखनऊ (हि.स.)। पूरा देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। कान्हा के भक्त एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चाचा व प्रसपा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी कृष्ण जन्माष्टमी की सभी को शुभकामनाएं दी हैं। उनका शुभकामना संदेश सुर्खियां बटोर रहा है। उनका यह शुभकामना संदेश अखिलेश यादव पर हमला के रूप में देखा जा रहा है।

शिवपाल यादव का शुभकामना भरा यह संदेश चर्चा का विषय बना हुआ है।उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि समाज में जब भी कोई कंस अपने पिता को छल, बल से अपमानित कर पद से हटाकर अनधिकृत आधिपत्य स्थापित करता है, तो धर्म की रक्षा के लिए मां यशोदा के लाल ग्वालों के सखा योगेश्वर श्रीकृष्ण अवश्य अवतार लेते हैं। अपनी योग माया से अत्याचारियों को दंड देकर धर्म की स्थापना करते हैं।

माना जा रहा है कि जसवंत नगर विधान सभा क्षेत्र के विधायक शिवपाल यादव ने अपने इस शुभकामना संदेश के माध्यम से भतीजे अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने एक प्रकार से भतीजे को चेतावनी दी है कि उन्हें अपने पिता या फिर यूं कहें कि अपने बड़ों का तिरस्कार इस प्रकार से नहीं करना चाहिए। शिवपाल के पत्र को यादव परिवार में फूट से जोड़कर देखा जा रहा है।

शिवपाल यादव आगे लिखते हैं कि हे यदुवंशी वीरों आप श्रीकृष्ण के ध्वजवाहक हैं। आप वीर और कृष्ण के विराट व्यक्तित्व की प्रतिछाया हैं। स्वाभाविक तौर पर ऐसे में धर्म की रक्षा में आपका दायित्व भी महत्वपूर्ण और शाश्वत है। इसलिए हे श्रेष्ठ यदुवंशी वीरों, समाज में धर्म की स्थापना, शांति, सुरक्षा, सद्भाव, समरसता, समन्वय व एकता और लोक कल्याण हेतु मैं आप सभी का आह्वान करता हूं।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular