Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसुरक्षा के लिए सपा की टोपी ही खतरा : योगी आदित्यनाथ

सुरक्षा के लिए सपा की टोपी ही खतरा : योगी आदित्यनाथ

मेरठ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मेरठ में सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी मनिंदरपाल सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के लिए सपा की टोपी ही खतरा है। इस लाल टोपी का रंग ही दंगा, राहजनी, हिस्ट्रीशीटर, किसानों के ट्यूबवेल से मोटर चोरी करना है। इससे सुरक्षा भाजपा की डबल इंजन सरकार ही दे सकती है।

सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल सिंह के समर्थन में मंगलवार को सरूरपुर में भूनी चौराहे के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट देश की 135 करोड़ जनता के लिए लाभकारी है। भाजपा सरकारें जनहित के कार्यों में जुटी है। पूरे देश में विकास कार्य हो रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का मान बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने सपा पर करारे प्रहार करते हुए कहा कि सुरक्षा के लिए सपा की लाल टोपी सबसे बड़ा खतरा है। आखिर सचिन और गौरव की क्या गलती थी? उन्होंने अपनी बहन से छेड़छाड़ का विरोध ही किया था। दंगाइयों को मुंहतोड़ जवाब वही देगा जिसमें दम होगा। कांवड़ यात्रा कोई रोकेगा तो कायदे से इलाज किया जाएगा। पहले दंगाइयों का सम्मान होता था। एसपी-बीएसपी का मतलब अंधेरा है। विकास के साथ-साथ माफिया की छाती पर बुल्डोजर चलेगा। सपा सरकार में किसान परेशान था और नौजवान के पास नौकरी नहीं थी। भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों के हित में क्रांतिकारी निर्णय लिए गए हैं। मेरठ के एक लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से सवाल किया कि आपने पांच साल में कोई दंगा देखा क्या? पहले हर तीसरे दिन दंगा होता था। क्या दंगा कराने वाले को वोट देंगे? संकट के समय दो लड़कों की जोड़ी गायब थी। उनमें से एक लखनऊ से लोगों को पिटवा रहा था। गौरव और सचिन के हत्यारों को लखनऊ बुला रहा था। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और विकास के लिए भाजपा को ही वोट देने की अपील की। इस दौरान बागपत के सांसद सत्यपाल सिंह, मेरठ के जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, संजय त्यागी आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular