Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सुरक्षा के मुद्दे पर हम आधी आबादी के विश्वास को जीतने में...

 सुरक्षा के मुद्दे पर हम आधी आबादी के विश्वास को जीतने में सफल रहे : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्ष में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि उत्तर प्रदेश में हर प्रकृति के अपराध में कमी आई है।

उन्होंने कहा कि 2022 में हम कानून व्यवस्था को आधार बनाकर चुनाव के मैदान में गए थे और यह बहुत बड़ी बात है कि कानून व्यवस्था के मामले पर कोई सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ रिपीट हो जाए। इसमें बड़ी भूमिका आधी आबादी ने निभाई, जिन्हें सुरक्षा का बेहतर वातावरण मिला। आज महिलाएं प्रदेश में कहीं भी बिना भय के अकेले यात्रा कर सकती हैं। हमारी सरकार आधी आबादी के विश्वास को जीतने में सफल रही।

योगी ने कहा कि 2014 के पहले भारत के बारे में दुनिया की धारणा बहुत नकारात्मक थी। दुनिया का कोई भी देश भारत को गंभीरता से नहीं लेता था। देश की बागडोर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में आने के बाद भारत के प्रति दुनिया की धारणा बदली है। अब दुनिया भारत को सकारात्मक दृष्टि से देखती है और गंभीरता से लेती है। आज दुनिया में जब कोई संकट आता है तो भारत और प्रधानमंत्री मोदी संकट मोचक के रूप में दुनिया को संकट से निकालने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक देश के अंदर एक विश्वास का माहौल उत्पन्न हुआ है कि देश का राजनैतिक नेतृत्व जो फैसला लेगा वो जनता और देश के हित में होगा।

योगी ने कहा पिछले 9 वर्ष के अंदर हमने बहुत ही शानदार तरीके से भारत को बदलते देखा है। भारत ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एक लंबी छलांग लगाई है। आज भारत दुनिया 10वीं बड़ी अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2027 आते-आते भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भी पिछले साढ़े छह वर्ष के अंदर प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने में सफलता प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश जो देश की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था हुआ करता था। आज वह नंबर तीन की अर्थव्यवस्था बन चुका है। बहुत शीघ्र ही यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य होगा। इसकी घोषणा कभी भी हो सकती है।

योगी ने कहा कि लोकतंत्र का सबसे सशक्त माध्यम संवाद है। इससे बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। वहीं जहां संवाद का अभाव होता है, वहां संघर्ष प्रारंभ हो जाता है। उन्होंने कहा कि विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका लोकतंत्र के तीन प्रमुख स्तंभ है। वहीं मीडिया को चौथे स्तंभ के तौर पर स्वीकार्य किया गया है।

दिलीप शुक्ल/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular