लखनऊ (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मऊ जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर को पार्टी संविधान व अनुशासनहीनता के चलते पद से हटा दिया गया है। उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की पार्टी आलाकमान ने पत्र जारी किया है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर इन दिनों आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर लगातार पार्टी पदाधिकारियों की बैठक व गतिविधियों को धार देने में लगे हुए हैं। उनके द्वारा लगातार पूर्वांचल की राजनीतिक जमीन को मजबूत करने की ओर दौरा किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लगातार दौरे के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष को मऊ जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर की मऊ जनपद में सक्रियता व पार्टी विरोध क्रियाकलाप की शिकायतें मिल रही थीं। उनकी पार्टी संविधान विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता को देखते हुए आलाकमान ने उन्हें पद मुक्त करने का निर्णय लिया। साथ ही छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
मोहित
